- दिव्यांग मनोज को मोटराईज्ड ट्रायसायकल मिलने से आने-जाने की समस्या होगी दूर
आफताब आलम/बलरामपुर : समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। शारीरिक रूप से अक्षम दिव्यांग व्यक्तियों को उनके आवागमन की सुविधा के लिए विभाग द्वारा ट्रायसायकल प्रदान किया जाता है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती तुलिका प्रजापति ने दिव्यांग मनोज कुमार को मोटराईज्ड ट्रायसायकल प्रदाय किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने आवेदन प्राप्त होने पर उप संचालक समाज कल्याण को तत्काल कार्यवाही कर मनोज को मोटराईज्ड ट्रायसायकल प्रदान करने के निर्देश दिये थे। विकासखण्ड बलरामपुर के ग्राम मक्याठी का मनोज एक पैर से दिव्यांग है तथा उसे चलने-फिरने में दिक्कत होती थी। मनोज को अपने दैनिक कामों में भी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, मनोज को समाज कल्याण विभाग की योजना के बारे में जानकारी प्राप्त होने पर उन्होंने तत्काल आवेदन किया। मनोज खुश हैं और उन्हें अब मोटराईज्ड ट्रायसायकल मिल गया है। मनोज ने बताया कि अब आने-जाने की समस्या दूर हो गई है तथा अन्य व्यक्तियों पर निर्भरता कम होने से वे अपना काम आसानी से कर पाएंगे।