देश दुनिया वॉच

कवर्धा में NH-30 पर हादसा: चिल्फी घाटी से नीचे गिरा ट्रक, रायपुर से सरिया लोड कर जा रहा था छतरपुर, ड्राइवर और खलासी सुरक्षित

Share this

कवर्धा : छत्तीसगढ़ के कवर्धा में बुधवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक में लदा सरिया केबिन फाड़कर बाहर निकल गया। इसके चलते ड्राइवर और खलासी उसी में फंस गए। पुलिस ने करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों की जान बचा ली। खास बात यह रही कि ड्राइवर के पैर में और खलासी को अंदरूनी चोट ही लगी है। दोनों सुरक्षित हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, रायपुर से लोहे की सरिया लोड कर एक ट्रक मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रहा था। ट्रक सुबह करीब 5 बजे नेशनल हाईवे-30 पर चिल्फी घाटी से करीब 3 किमी आगे पहुंचा था कि ग्राम अकल गरिमा मोड़ पर अनियंत्रित हो गया। इसके बाद 100 मीटर नीचे खेत में पलट गया। ट्रक पर लदी सरिया केबिन तोड़ते हुए पूरे खेत में फैल गई और ड्राइवर और खलासी अंदर ही फंस गए। वहां से निकल रहे अन्य वाहनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और JCB की मदद से सरिया को हटाया गया। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद ड्राइवर और खलासी को बाहर निकाला जा सका। हादसे में ड्राइवर के दाहिने पैर में चोट आई है, जबकि खलासी को अंदरूनी चोटे लगी हैं। हालांकि दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से बोड़ला अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों रोहित अनुरागी (24) और रोहित राय (19) मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। चिल्फी घाटी में लगातार हादसे हो रहे हैं। जुलाई में ही दो अलग-अलग हादसों में तहसीलदार सहित 5 लोगों की मौत हो चुकी है। नायब तहसीलदार सतीश कृषान अपने दो दोस्तों और आबकारी विभाग गार्ड के साथ धवाईपानी में ढाबे पर चाय पीकर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में तहसीलदार और उनके दोनों दोस्तों की मौत हो गई थी। वहीं इसके बाद हुए एक अन्य हादसे में बाइक सवार दो युवक मारे गए थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *