आफताब आलम/बलरामपुर : जिले में मोहल्ला क्लास के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों द्वारा सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक संचालक शिक्षा श्रीमती आशारानी टोप्पो तथा बलरामपुर संकुल प्राचार्य विमल दुबे द्वारा बलरामपुर संकुल के मलारपारा तथा टाँगरमहरी में प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के 3 विद्यालयों में संचालित मोहल्ला क्लास का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बच्चों से संवाद स्थापित कर उनके शिक्षा के स्तर का आंकलन किया, तत्पश्चात् समस्त सम्बन्धित शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ताकि बच्चों के शिक्षा स्तर में सुधार हो सके। स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति सन्तोषजनक पाई गयी, साथ ही स्कूलों में गणवेश एवं सूखा राशन का वितरण भी किया जा रहा है। वहीं अध्यापन हेतु शिक्षक द्वारा पुराने पुस्तकों से पूर्वाभ्यास भी कराया जा रहा है। जो छात्र पुस्तक पढ़ने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं, ऐसे कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देने तथा रीडिंग व राइटिंग का नियमित अभ्यास कराने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही उन्होंने मोहल्ला क्लास में छात्रों की उपस्थिति शत्-प्रतिशत करने हेतु सक्रियता के साथ प्रयास करने के निर्देश शिक्षकों को दिये।
मोहल्ला क्लास का सतत् निरीक्षण कर रहे हैं अधिकारी, बच्चों की शत्-प्रतिशत उपस्थिति पर दिया जा रहा है जोर

