- बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित कन्हर नदी बॉर्डर पर पुलिस ने उसे रोका। दूल्हा समेत पांच लोगों को जाने की दी अनुमति
- बाइक पर पीछे बैठे दूल्हे का वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल, लॉकडाउन के कारण विवशता में घरवाले भी साथ नहीं आए तो रिश्तेदार की बाइक पर बैठकर चला आया
आफ़ताब आलम/बलरामपुर : बलरामपुर जिले में लॉकडाउन ने शादियों पर भी लगभग पाबंदी लगा रखी है। शादी के लिए प्रशासन की शर्तों का पालन करना अनिवार्य है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसे युवक का वीडियो वारयल हो रहा है जो दूल्हे के ड्रेस में बाइक पर बैठकर झारखंड से शादी करने छत्तीसगढ़ पहुंच गया। शुक्रवार की रात बॉर्डर पर जब पुलिस ने रोककर उससे पूछताछ की तो उसने अपनी विवशता बताई। इसके बाद पुलिस ने उसके इस कदम की काफी प्रशंसा की तथा उसे पिता समेत अन्य 5 परिजनों को साथ ले जाने की बात कही। इसके बाद दूल्हा बाइक पर ही पीछे बैठकर शादी करने रवाना हो गया। शादी के बाद वह बाइक पर ही दुल्हन लेकर लौटा।गौरतलब है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए छत्तीसगढ़ के सभी जिले में लॉकडाउन लगाया गया है। इस दौरान शादियों पर भी लगभग पाबंदी है। इसी बीच झारखंड से एक युवक शुक्रवार की देर शाम दूल्हे के ड्रेस में सज-धज कर अपने एक रिश्तेदार की बाइक पर छत्तीसगढ़ चला आया।रामानुजगंज स्थित कन्हर नदी बॉर्डर पर पुलिस ने उसे रोका। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो युवक ने बताया कि वह शादी करने ग्राम सनावल जा रहा है। मैंने इन्नोवा वाहन बुक कर रखी थी लेकिन लॉकडाउन के कारण फोर व्हीलर से नहीं आए और न ही घर वाले आए। युवक की इस बात को सुनकर ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी ने दूल्हे के इस कदम की प्रशंसा की।
पुलिसकर्मी बोला- 5 लोग जा सकते हो
पुलिसकर्मी ने दूल्हे से कहा कि आप कम से कम अपने पिता सहित परिवार के 5 सदस्य को ले जा सकते हो, इसमें कोई दिक्कत नहीं है। यह सुनकर दूल्हा भी खुश हो गया। फिर दूल्हे ने कहा कि कोरोना व लॉकडाउन के कारण वे लोग नहीं आए, इस कारण वह अकेला ही रिश्तेदार के साथ शादी करने जा रहा है। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे दुल्हन के घर के लिए रवाना कर दिया। शादी के बाद वह दूसरे दिन बाइक पर ही दुल्हन को विदा कराकर घर लौटा।

