Teacher Subhash Sahu raised the flag of success in lawn tennis, selected for the national competition
रायपुर। खेल के प्रति जुनून, कठिन परिश्रम और अटूट संकल्प के दम पर शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय लालपुर, रायपुर में पदस्थ शिक्षक श्री सुभाष कुमार साहू ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज लॉन टेनिस मेन्स ओपन टूर्नामेंट के राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है।
28 नवंबर को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय चयन ट्रायल्स में श्री साहू ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को लगातार दो सेटों में करारी शिकस्त दी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की की।
शिक्षण के साथ खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले श्री साहू की यह सफलता अन्य शिक्षकों एवं युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी इस उपलब्धि से रायपुर के शिक्षक समुदाय में हर्ष का माहौल है। सहकर्मियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

