CHHATTISGARH: Attack on MLA’s vehicle! Glass broken late at night due to stone-pelting
कोरबा : छत्तीसगढ़ में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम के वाहन पर बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर फेंक दिया। पत्थर वाहन के उस हिस्से में लगा, जहां विधायक बैठे हुए थे। हमले से गाड़ी का साइड का कांच टूट गया। राहत की बात यह रही कि विधायक समेत वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। घटना के बाद गोंडवाना गणतंत्र पार्टी में नाराजगी है। पार्टी ने देशभर में आंदोलन की चेतावनी देते हुए अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।।
धार्मिक आयोजन से लौटते समय हुई घटना विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम शुक्रवार को बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघरी पहुंचे थे। यहां आयोजित गौरा-गौरी कार्यक्रम में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विधायक अपने वाहन से वापस लौट रहे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे सिंघरी के मुख्य मार्ग पर अचानक किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर की चपेट में आने से वाहन का साइड का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुई इस घटना से वाहन में मौजूद लोग घबरा गए। उस समय विधायक के साथ उनके निजी सुरक्षा अधिकारी सुशील कौशिक और वाहन चालक भी मौजूद थे।
चालक की सूझबूझ से टला संभावित हादसा
चलते वाहन पर अचानक पत्थर लगने के बावजूद चालक ने संयम बनाए रखा। उसने गाड़ी पर नियंत्रण नहीं खोया, जिससे किसी अन्य दुर्घटना की स्थिति नहीं बनी। घटना की जानकारी विधायक के प्रतिनिधि कुलदीप सिंह मरकाम ने दी है। उनके मुताबिक, पथराव के कारण वाहन को नुकसान पहुंचा है, लेकिन विधायक, सुरक्षाकर्मी और चालक में से किसी को चोट नहीं आई है। घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि पत्थर वाहन के उसी हिस्से में लगा, जिस ओर विधायक बैठे हुए थे। इसे लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने सुरक्षा संबंधी चिंता व्यक्त की है।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान विधायक के वाहन से लगभग 500 मीटर आगे पुलिस की गश्ती गाड़ी चल रही थी। इसके बावजूद अज्ञात व्यक्ति ने विधायक के वाहन पर पत्थर फेंक दिया। देर रात हुई इस घटना ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यह आशंका भी जताई जा रही है कि पत्थर फेंकने वाले व्यक्ति को विधायक के उस मार्ग से गुजरने की जानकारी पहले से रही होगी। हालांकि, यह महज आशंका है। घटना सुनियोजित थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। हमलावर की पहचान और उसकी मंशा का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
विधायक के वाहन पर पथराव की घटना को लेकर रतनपुर पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करने के साथ ही पथराव के वास्तविक कारणों का भी खुलासा होना चाहिए। फिलहाल हमलावर की पहचान अथवा गिरफ्तारी से संबंधित कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

