‘Lion’ uniform loosens in front of smugglers: ‘Mangal’ in the forest, the rest all jungle!
(जिला ब्यूरो: फिलिप चाको)
बालोद: शेर, भालू और खूंखार जानवरों को चुटकियों में काबू करने वाले वन विभाग को आखिर लकड़ी तस्करों का नाम सुनते ही ‘पसीना’ क्यों आने लगता है? क्या कोई अदृश्य डर है, या फिर सिस्टम की कोई ऐसी ‘खास सेटिंग’ जो सब कुछ जानते हुए भी विभाग को ‘अंधा और बहरा’ बना देती है? हकीकत यह है कि लकड़ी तस्करों की रोज़ दीवाली मन रही है और हरी-भरी वन संपदा के असली मालिकों का रोज़ दिवाला निकल रहा है।
विभागों का ‘टेबल-टेनिस’ और तस्करों की ‘ताबीज’
तस्करों के हौसले सातवें आसमान पर होने की सबसे बड़ी वजह है विभागों की आपसी सीमाबंदी। तस्करों ने इस कमजोरी को गले का ताबीज बना रखा है। जैसे ही किसी मुखबिर की सूचना पर कोई गाड़ी पकड़ी जाती है, गेंद एक पाले से दूसरे पाले में उछाल दी जाती है और तस्कर ‘छूमंतर’ हो जाते हैं।
अगर कोई जागरूक नागरिक हिम्मत करके वन विभाग को सूचना दे भी दे, तो कार्रवाई से पहले उसकी पूरी ‘जन्मकुंडली’ पूछ ली जाती है। तमाम पूछताछ के बाद जो ‘ज्ञान’ मिलता है, वह यह कि “साहब, यह हमारा नहीं, राजस्व का मामला है।” राजस्व विभाग से बात करो, तो वे गेंद वापस वन विभाग के पाले में पटक देते हैं। *इस ‘विभागीय टेबल-टेनिस’ का पूरा लुत्फ तस्कर उठा रहे हैं* —देखकर तो यही लगता है कि मानो महकमों ने यह राजमार्ग तस्करों के ‘वीआईपी आवागमन’ के लिए ही खोल रखा हो। अब आम आदमी करे भी तो क्या करे? दबी ज़ुबान में लोग कहने लगे हैं कि तस्करों पर तो विभाग ही कुछ ज़्यादा ‘मेहरबान’ है।
जांच नाकों का ‘चमत्कार’ और मुखबिरों की ‘अग्निपरीक्षा’
सूचना तंत्र की विश्वसनीयता भी अपने आप में एक ‘अजूबा’ है। कई बार तो तस्कर खुद ही फर्जी टिप देकर विभाग को गलत रास्ते पर दौड़ाते हैं और पीछे से अपना माल सुरक्षित पार कर लेते हैं। चारों तरफ जांच नाके (चेकपोस्ट) लगे हैं, लेकिन इनकी कार्यशैली पर उठते सवाल बताते हैं कि आखिर किस ‘मुस्तैदी’ के बदले शासन से तनख्वाह ली जा रही है?
सबसे खतरनाक खेल तो मुखबिर की गोपनीयता का है। जैसे ही कोई जागरूक नागरिक सूचना देता है, पलक झपकते ही उसकी भनक तस्करों तक पहुंच जाती है। फिर शुरू होता है धमकियों का सिलसिला। भला अपनी जान जोखिम में डालकर कौन ‘मसीहा’ बने?
‘किसान की लकड़ी’ और ‘दीमक’का खेल
मैदान में तस्करों के पास बहाने भी तैयार रहते हैं *—”साहब, यह तो किसान की लकड़ी है, जंगल की नहीं!”* इसी झोल में उलझाकर वे माल निकाल ले जाते हैं। और अगर कोई पत्रकार या आवाज उठाने वाला इनके खिलाफ सच लिखे, तो तस्कर अपने रसूख के दम पर उसे झूठे केसों में उलझाने से भी नहीं चूकते।
जानकारों का मानना है कि तस्करों के ये बुलंद हौसले विभाग के भीतर बैठे चंद ‘दीमकों’ की वजह से हैं, जो शासन-प्रशासन को ‘जूते की नोक’ पर रखने के ख्वाब देखते हैं। कार्रवाई के नाम पर कभी-कभार ‘खानापूर्ति’ हो भी जाए, तो तस्कर मामूली जुर्माना पटाकर फिर अपने ‘पुश्तैनी धंधे’ पर लौट आते हैं।
उधर, हम और आप सड़कों पर “वन बचाओ, कल बचाओ” की रैलियां निकालते रह जाते हैं। अगर यह ‘मेहरबानी’ और ‘लापरवाही’ यूं ही चलती रही, तो वह दिन दूर नहीं जब जंगल उजड़ जाएंगे और वन्यजीव रिहायशी गांवों व शहरों में ‘मेहमान’ बनकर पहुंचने लगेंगे!

