CHHATTISGARH: Fraud of 300 crores! Former BJP leader absconding for 13 months arrested
CHHATTIAGARH: भिलाई: कारोबार के नाम पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी के मामले में भिलाई जिला भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल को कोलकाता पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। करीब 13 महीने से फरार चल रहे संदीप को पुलिस ने उस समय पकड़ा, जब वह कथित तौर पर झारखंड के एक थाने में सरेंडर करने पहुंचा था। पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर थाने के बाहर से उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
भाई संजय और सचिन भी नामजद आरोपी
इस मामले में संदीप के दोनों बड़े भाई संजय अग्रवाल और सचिन अग्रवाल के नाम भी आरोपी के रूप में सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों के खिलाफ पहले लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था। दोनों करीब 13 महीने तक गांधीधाम और धनबाद की जेलों में बंद रहने के बाद हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने पर बाहर आए हैं।
वहीं, संजय अग्रवाल की पत्नी राखी को भी इस मामले में सह-अभियुक्त बताया गया है। वह धनबाद जेल में करीब दो महीने रहने के बाद जमानत पर रिहा हुई थीं।
राजनीतिक रसूख के इस्तेमाल का भी आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संदीप अग्रवाल भिलाई में खुद को भाजपा नेता बताकर प्रभाव जमाता था और कथित तौर पर कार्रवाई से बचने के लिए राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करता था। हालांकि, ये आरोप शिकायतकर्ताओं के दावों पर आधारित हैं।
बताया गया है कि गुजरात के डीसीबी थाने से जुड़े एक मामले में संदीप पहले से जमानत पर था और संबंधित मामले में पुलिस अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। इसके अलावा झारखंड पुलिस ने भी अदालत के आदेश पर उसके आवास पर नोटिस चस्पा किया था।

