BREAKING CG NEWS

विश्व पर्यटन दिवस पर ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट–छत्तीसगढ़ मार्केटप्लेस 2026’ का आयोजन

Share this

‘Central India Connect-Chhattisgarh Marketplace 2026’ organized on World Tourism Day

रायपुर, 27 सितंबर 2026। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट–छत्तीसगढ़ मार्केटप्लेस 2026’ ने प्रदेश के पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में अपनी पहचान बनाई। आयोजन में देश-विदेश से आए पर्यटन कारोबारियों, टूर ऑपरेटर्स, होटल एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के प्रतिनिधियों, होमस्टे संचालकों, पर्यटन विशेषज्ञों तथा अन्य हितधारकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित B2B मार्केटप्लेस ने पर्यटन कारोबारियों को सीधे संवाद, व्यावसायिक संपर्क और संभावित साझेदारियों के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम में डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से पर्यटन को नई दिशा देने के विषय पर प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड श्री सौमिल रंजन चौबे द्वारा विशेष प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें पर्यटन क्षेत्र में डिजिटल तकनीक, AI, डिजिटल कंटेंट, ऑनलाइन प्रमोशन और स्मार्ट पर्यटक सेवाओं की बढ़ती भूमिका तथा इनके माध्यम से पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया। वहीं, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद राज्य में पर्यटन क्षेत्र में निवेश और निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

*सचिव पर्यटन डॉ एस भारतीदासन*

डॉ भारतीदासन ने कहा, “छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और जनजातीय पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट–छत्तीसगढ़ मार्केटप्लेस 2026’ के माध्यम से राज्य के पर्यटन स्थलों, स्थानीय उद्यमियों और सेवा प्रदाताओं को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का प्रभावी प्रयास किया गया है। हमारा उद्देश्य पर्यटन को केवल भ्रमण तक सीमित न रखते हुए स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार, आय और उद्यमिता के स्थायी अवसरों से जोड़ना है। डिजिटल तकनीक, निजी क्षेत्र की भागीदारी और स्थानीय सहभागिता के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने के लिए विभाग निरंतर कार्य कर रहा है।”

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 10 पर्यटन हितधारकों को राज्य पर्यटन पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेताओं को ₹11,000 की पुरस्कार राशि, प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राज्य पर्यटन पुरस्कार प्राप्त करने वाले विजेता इस प्रकार हैं—

बेस्ट टूरिज्म जिला प्रमोशन अवार्ड — गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

बेस्ट इको टूरिज्म साइट अवार्ड — तक्षक होमस्टे, भोरमदेव

बेस्ट होटल अवार्ड — होटल एंबिशन, जगदलपुर

बेस्ट टूर ऑपरेटर अवार्ड — श्री डी. रमेश, कैंप वंस

बेस्ट टूरिस्ट स्टार्टअप अवार्ड — श्री शिवम त्रिवेदी, हेरिटेज वाला

बेस्ट एडवेंचर टूर ऑपरेटर अवार्ड — श्री सौरभ सिंह, ट्रिप्पी हिल्स, जशपुर

बेस्ट होमस्टे अवार्ड — श्री मानसिंह धुरवाडेरा, बस्तर

बेस्ट इनफ्लुएंसर अवार्ड — श्री अनुपम सिंह

बेस्ट स्टार परफॉर्मर, टूरिस्ट इनफॉरमेशन सेंटर, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड — श्रीनिवास राव, डोंगरगढ़

बेस्ट स्टार परफॉर्मर, रिजॉर्ट, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड — श्री सुभाष ठाकुर, हरेली इको रिजॉर्ट, बारनवापारा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के पुरातात्विक स्थलों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन

कार्यक्रम में माननीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री द्वारा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पुरातात्विक स्थलों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया। यह प्रकाशन जिले की समृद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत को व्यापक स्तर पर सामने लाने और पर्यटन की संभावनाओं को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

 

*पर्यटन कारोबार को नए अवसरों से जोड़ने की पहल*

 

‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट–छत्तीसगढ़ मार्केटप्लेस 2026’ का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के पर्यटन कारोबार को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजार से जोड़ना, पर्यटन क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों के बीच नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करना और प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना रहा। B2B बैठकों के माध्यम से पर्यटन कारोबारियों को नए बाजारों, साझेदारियों और व्यावसायिक अवसरों के लिए सीधे संवाद का अवसर मिला।

छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा, वन्यजीवन, जलप्रपात, प्राचीन एवं पुरातात्विक विरासत, जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराएं, एडवेंचर और ईको-टूरिज्म राज्य को विशिष्ट पर्यटन संभावनाएं प्रदान करते हैं। इस आयोजन के माध्यम से इन संभावनाओं को पर्यटन कारोबार और बाजार से जोड़ने का प्रयास किया गया।

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित यह मार्केटप्लेस पर्यटन को स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार, उद्यमिता और वैश्विक अवसरों से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम रहा। राज्य शासन, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, निजी क्षेत्र, स्थानीय समुदायों और पर्यटन कारोबारियों के सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में ऐसे आयोजनों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *