BREAKING CG NEWS

NSS Day 2026: खेल और प्रश्नोत्तरी से ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण के प्रति किया जागरूक

Share this

NSS Day 2026: Games and quizzes make villagers aware of health, hygiene and nutrition

रायपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस के अवसर पर श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी, रायपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के तत्वावधान में ग्राम खट्टा, जिला महासमुंद में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों एवं महिलाओं को स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार एवं पोषण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने बच्चों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उन्हें स्वच्छ स्कूल, स्वच्छ घर एवं स्वच्छ ग्राम की अवधारणा अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, स्वस्थ जीवन के लिए नियमित एवं पौष्टिक भोजन तथा स्वच्छता की आदतों को दैनिक जीवन में शामिल करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम की गर्भवती महिलाओं को भी पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जागरूक किया गया। संवाद के दौरान यह जानकारी सामने आई कि ग्राम क्षेत्र में कुछ गर्भवती महिलाओं में हीमोग्लोबिन का स्तर कम पाया गया। इस संदर्भ में महिलाओं को पौष्टिक एवं संतुलित आहार, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य परामर्श के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के सफल संचालन में राष्ट्रीय सेवा योजना की समन्वयक डॉ. अंजली यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने संपूर्ण कार्यक्रम का समन्वय करते हुए विद्यार्थियों एवं महिलाओं के साथ संवाद स्थापित किया तथा स्वयंसेवकों को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए मार्गदर्शन दिया।

डॉ. कोमल प्रसाद यादव ने छात्रों के साथ खेल एवं प्रश्नोत्तरी गतिविधियों के संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। उन्होंने बच्चों को स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से समझाई।

श्री प्रमेश खरे एवं श्री टोकेन्द्र ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित करने में सहयोग किया तथा खेल एवं प्रश्नोत्तरी गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभाई।

कामिनी विश्वकर्मा, विभा चंद्राकर एवं योगिता साहू ने छात्रों के साथ संवाद करते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छता की आदतों एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा प्रश्नोत्तरी गतिविधि में सक्रिय सहयोग किया।

खेल एवं प्रश्नोत्तरी जैसी सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सीखने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की भावना विकसित की गई। राष्ट्रीय सेवा योजना के अवसर पर आयोजित यह अभियान राष्ट्रीय सेवा योजना के “समाज सेवा के माध्यम से व्यक्तित्व विकास” के उद्देश्य को सार्थक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। स्वयंसेवकों ने सेवा, जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता के माध्यम से ग्रामीण समुदाय के बीच स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचाया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, ग्रुप डायरेक्टर SRGOI, श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर, कुलपति , कुलसचिव एवं ,डीन एकेडमिक ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया तथा सामाजिक जागरूकता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *