BREAKING CG NEWS

विकसित भारत के संकल्प को साकार करने सेवा और समर्पण के साथ करें कार्य – मंत्री दयालदास बघेल

Share this

Work with a spirit of service and dedication to realize the resolve of a developed India – Minister Dayaldas Baghel

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 सितंबर 2026/ राज्य शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंत्री श्री दयालदास बघेल आज मंगलवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने बरमकेला स्थित मंगल भवन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान के संबंध में आयोजित कार्यशाला में सहभागिता की।

कार्यशाला का शुभारंभ वंदे मातरम् के गायन तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री बघेल सहित जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। इससे पहले सारंगढ़ आगमन पर जिले के कलेक्टर श्रीमति पद्मिनी भाई साहू एवं पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय सर्किट हाउस में पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

 

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री श्री दयालदास बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में ऐतिहासिक एवं उल्लेखनीय प्रगति की है। गरीबों, किसानों, युवाओं एवं महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

मंत्री श्री बघेल ने कहा कि प्रत्येक कार्य को चुनौती के रूप में स्वीकार करते हुए पूरी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में देश को एक कर्मयोगी नेतृत्व प्राप्त हुआ है, जो निरंतर देश और समाज की सेवा के लिए कार्यरत है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अभियान को जमीनी स्तर तक सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी गई। अभियान के दौरान प्रधानमंत्री के सम्मान एवं शुभकामनाओं के लिए दीप प्रज्ज्वलन, रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके साथ ही आंगन उत्सव के माध्यम से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं माताओं का सम्मान किया जाएगा। अभियान के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं एवं समाज सेवा से जुड़े विषयों पर जनजागरूकता गतिविधियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नुक्कड़ नाटक, सेवा ज्योति यात्रा एवं बाइक रैली का आयोजन भी किया जाएगा।

विशेष शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए सेवा सेतु कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। कार्यशाला में अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा उन्हें प्रभावी रूप से जमीनी स्तर तक पहुंचाने के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर जिले एवं क्षेत्र के समस्त जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित थे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *