बिलासपुर: बिलासपुर के खपरगंज बवाल मामले में पुलिस का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है। रामसिंह गुट से जुड़े चार और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नई गिरफ्तारियों के साथ मामले में पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की संख्या 26 हो गई है। वहीं मुख्य आरोपी ठाकुर रामसिंह समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
खपरगंज बवाल मामले में पुलिस ने अब अक्षय सिंह, अभय शर्मा, मोहनीश गोस्वामी और सदानंद साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक अक्षय सिंह, मोहनीश गोस्वामी और सदानंद साहू घटना की शुरुआत के दौरान मौके पर मौजूद थे। मामले में पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।विवाद के बाद खपरगंज में स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी और मामला बवाल तथा पथराव तक पहुंच गया था।पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों और उपलब्ध फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई आगे बढ़ाई है। इससे पहले भी रामसिंह गुट से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
चार और गिरफ्तारियों के बाद अब पुलिस की कार्रवाई का आंकड़ा 26 तक पहुंच गया है। दूसरी ओर ठाकुर रामसिंह अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। रामसिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया वीडियो के जरिए आत्मसमर्पण करने की बात भी कही थी।गिरफ्तार किए गए आरोपियों को आज नेहरू चौक से भारी पुलिस सुरक्षा के बीच जिला न्यायालय ले जाया गया। इस दौरान रास्ते में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। एएसपी, सीएसपी समेत पुलिस के कई अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए। इससे पहले भी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का जुलूस निकाला था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खपरगंज बवाल मामले की जांच अभी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका की पड़ताल के साथ फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस का साफ कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

