Tension prevails overnight in Bilaspur! Uproar over a social media comment; several police personnel, including a TI, injured in stone-pelting.
बिलासपुर. बिलासपुर में सोशल मीडिया पर कमेंट को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चले. हालात संभालने पहुंची पुलिस पर भी पथराव हुआ, जिसमें टीआई समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है. दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप में बदल गया. मारपीट और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया, जिसमें कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. तारबाहर थाने के टीआई समेत कुछ पुलिसकर्मियों और युवकों को चोटें आई है. मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज का है.
कलेक्टर और एसएसपी ने संभाला मोर्चा
विवाद के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी भी की गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वहीं स्थिति को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं. साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. मौके पर विधायक सुशांत शुक्ला के अलावा स्थानीय नागरिक थाने पहुंचे, पुलिस और प्रशासन के साथ बैठककर युवकों को समझाइश देकर माहौल को नियंत्रित किया जा रहा है.
टीआई के सिर में आई चोट
बताया जा रहा है कि एक पक्ष के युवक ने दूसरे पक्ष के युवक के साथ मारपीट कर दी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते इलाके का माहौल गरमा गया. पथराव के दौरान तारबाहर टीआई रविशंकर तिवारी के सिर में चोटे आई, वहीं 3 लड़कों से चाकूबाजी कर घायल कर दिया गया है. पथराव के दौरान कई लोगो को चोटें आई है. भीड़ को तीतर बितर करने पुलिस ने कई बार बल का प्रयोग किया. आँसू गैस के गोले छोड़े और युवकों को खदेड़ा.
इस दौरान कोतवाली थाने में लोगों की भीड़ जमा हो गई. सड़को पर युवकों की भीड़ नारेबाजी करने लगी. पथराव के बाद देर रात तक माहौल गरमाया रहा. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है. इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है.

