रायपुर : आगामी गणेश उत्सव, दुर्गोत्सव और विश्वकर्मा जयंती को देखते हुए नगर निगम ने शहर के मूर्तिकारों की बैठक लेकर प्रतिमा निर्माण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने मूर्तिकारों से शासन और पर्यावरण संरक्षण मंडल की गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।अपर आयुक्त ने कहा कि मूर्तिकार धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसलिए प्रतिमा निर्माण के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। उन्होंने प्रतिमाओं में पीओपी, प्रतिबंधित प्लास्टिक, रासायनिक रंग और अन्य गैर-जैव अपघटनीय सामग्री का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यावरण अनुकूल मिट्टी और प्राकृतिक रंगों से प्रतिमाएं बनाने पर जोर दिया।निगम ने बताया कि विसर्जन के दौरान पीओपी, प्लास्टिक और रासायनिक रंग जल स्रोतों को प्रदूषित कर सकते हैं और जलीय जीवों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बड़ी संख्या में शहर के मूर्तिकार मौजूद रहे।

