ED RAID: Commotion at Jauhar University amidst ED raid; lawyers protest the collection of students’ mobile phone details.
ED RAID: रामपुर। जौहर विश्वविद्यालय में प्रवेश करने से पूर्व ईडी के साथ मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने छात्र छात्राओं के नाम और मोबाइल नम्बर दर्ज करने शुरू कर दिए। इसकी जानकारी मिलने पर आज़म खां के करीबी व बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता सतनाम सिंह मट्टू मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने छात्र-छात्राओं के मोबाइल का ब्योरा लिए जाने की कार्रवाई को अवैध बताते हुए इसका विरोध किया। इस पर ईडी के अधिकारियों ने उन्हें इसे कार्रवाई का हिस्सा बताते हुए दखल देने से रोक दिया। अब ब्योरा लेने के बाद ही छात्र-छात्राओं को विश्व विद्यालय में प्रवेश करने दिया जा रहा है। ईडी को इस बात की भी आशंका है कि छात्र-छात्राओं की आड़ में आज़म के समर्थक विश्व विद्यालय में प्रवेश कर कार्रवाई में विघ्न डाल सकते हैं।
कई ठिकानों पर ईडी ने मारा छापा
बता दें कि ईडी ने बुधवार सुबह सात बजे एक साथ आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी समेत आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की है। ईडी की टीम में लखनऊ और दिल्ली के अधिकारी शामिल हैं।
टीम ने रामपुर में जिन ठिकानों पर छापे मारे हैं, उनमें मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी, मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट, सीके एसोसिएशन के डायरेक्टर पवन कुमार जैन के गंगापुर आवास विकास कालोनी स्थित आवास, सीके एसोसिएट के ज्वाला पैलेस पीपल टोला स्थित कार्यालय, सिविल लाइंस क्षेत्र शौकत रोड स्थित इलाही मस्जिद के सामने ए एंड एस इंटरप्राइजेज और गंज कोतवाली क्षेत्र में जेल रोड स्थित शाहीन खां का घर शामिल है। सपा सरकार में सीके एसोसिएट व अन्य फर्म द्वारा ही जौहर यूनिवर्सिटी के भवनों का निर्माण किया गया था।

