BREAKING CG NEWS

स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, अब घर-घर पहुंचेगा आंदोलन

Share this

बिलासपुर : बिलासपुर के तिलक नगर स्थित कांग्रेस भवन में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर स्मार्ट मीटर की कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान भिलाई विधायक एवं एआईसीसी सचिव देवेंद्र यादव भी मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल में लगातार बढ़ोतरी हो रही है जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है जबकि कांग्रेस सरकार के समय 400 यूनिट तक मुफ्त बिजली जैसी जनहितकारी योजनाएं लागू थीं।

बैठक में देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस अब स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनआंदोलन शुरू करेगी। इसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे, स्मार्ट मीटर हटाने के समर्थन में फॉर्म भरवाएंगे और बढ़े हुए बिजली बिल से जुड़ी शिकायतें एकत्र करेंगे। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं को संगठित रूप से सरकार और बिजली विभाग के समक्ष उठाया जाएगा।

बैठक में सभी मंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों को इस आंदोलन से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में नाराजगी है, जिसे पार्टी जनआंदोलन का रूप देगी।

कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर मुक्त बिलासपुर की मांग दोहराते हुए कहा कि जनता की शिकायतों को प्रदेश स्तर पर संकलित कर सरकार तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी का आरोप है कि स्मार्ट मीटर से सबसे अधिक मध्यम वर्ग और गरीब परिवार प्रभावित हुए हैं। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक यह अभियान और आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *