बिलासपुर/रतनपुर- रतनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क पर ब्रेकडाउन होने के कारण खड़ी ट्रेलर से पीछे आ रही दो ट्रेलर गाड़ियां टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक कैबिन में बुरी तरह फंस गया।
हादसे की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडे स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कैबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में घायल चालक सहित अन्य घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क पर एक ट्रेलर खराब होकर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही दो ट्रेलर गाड़ियां समय रहते वाहन को नहीं देख सकीं और एक के बाद एक टकरा गईं। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदार पक्ष के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

