बिलासपुर। शहर में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही और स्टंटबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को कोनी-सेंदरी रोड पर एक क्रेटा कार की सनरूफ से बाहर निकलकर युवतियों द्वारा रील बनाने का मामला सामने आया। व्यस्त सड़क पर चलती कार में सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो बनाने का यह दृश्य राहगीरों के लिए भी आकर्षण और खतरे का कारण बना रहा। बताया जा रहा है कि सीजी 25 बीएच 7377 ई नंबर की क्रेटा कार में सवार युवतियां बीच सड़क पर चलते वाहन की सनरूफ से बाहर निकलकर मोबाइल से वीडियो बनाती रहीं। इस दौरान कार सामान्य यातायात के बीच चल रही थी, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रही। आसपास से गुजर रहे लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
स्टंटबाजी से हादसे का बना रहा खतरा
कोनी-सेंदरी मार्ग शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों में शामिल है। इसी क्षेत्र में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थान स्थित हैं, जिसके कारण दिनभर विद्यार्थियों और अन्य वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर रील बनाना न केवल मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है, बल्कि चालक, वाहन में सवार लोगों और अन्य राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।
कार्रवाई की उठी मांग
घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने संबंधित वाहन चालक और स्टंट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि पुलिस रीलबाजी और स्टंटबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का दावा करती है, लेकिन इस तरह की घटनाएं बताती हैं कि नियमों का उल्लंघन अब भी जारी है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर जुर्माना लगाने के साथ वाहन चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

