रायपुर (02 अगस्त): ISBM यूनिवर्सिटी, रायपुर परिसर में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम एवं शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. आनंद महलवार ने की।
इस अवसर पर ISBM यूनिवर्सिटी के माननीय कुलाधिपति (Chancellor) डॉ. विनय अग्रवाल ने अपना शुभकामना संदेश प्रेषित करते हुए इस सामाजिक पहल की सराहना की। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि “नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की वास्तविक रीढ़ हैं। युवाओं को सही दिशा दिखाना और उन्हें नशा मुक्त वातावरण देना शैक्षणिक संस्थानों का प्रमुख दायित्व है।”
समारोह के दौरान माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विशेष उद्बोधन का सीधा प्रसारण देखा व सुना गया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को देश की ऊर्जा बताते हुए नशा मुक्ति अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति डॉ. आनंद महलवार ने कहा कि विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। तत्पश्चात उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय के सभी प्राध्यापकों (शिक्षकों) एवं प्रशासनिक कर्मचारियों (Admin Staff) ने एक स्वर में नशा न करने तथा समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के विभिन्न संकायों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के नारों और नशा मुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

