बिलासपुर। शहर के व्यापार विहार इलाके में स्थित एक अंग्रेजी शराब दुकान में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान के अंदर रखी लाखों रुपये की शराब और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह से खाक हो गया। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त दुकान बंद थी और वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
आबकारी विभाग से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि दुकान के अंदर करीब 50 लाख रुपये से अधिक की अंग्रेजी शराब का स्टॉक रखा हुआ था। आग इतनी भयानक थी कि शराब के अलावा कई डीप फ्रीजर, बारकोड स्कैन करने वाली मशीनें, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जलकर नष्ट हो गए। हालांकि, विभाग द्वारा अभी तक कुल नुकसान का सटीक आकलन नहीं किया जा सका है।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने का काम शुरू किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रात करीब 2:30 बजे आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और निरीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंच गए और तड़के सुबह तक वहां डटे रहे। ताजा जानकारी के मुताबिक, फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है।
ज्ञात हो कि इस शराब दुकान के ठीक पीछे एक अहाते का भी संचालन किया जा रहा था। आग की लपटें अहाते तक पहुंची हैं या नहीं और वहां किसी प्रकार का नुकसान हुआ है या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ पाई है। आबकारी विभाग और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

