मस्तूरी / बिलासपुर : बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम जोंधरा निवासी एक युवक पिछले 9 दिनों से शिवनाथ नदी में लापता है। मछली पकड़ने के दौरान तेज बहाव में बहे इस युवक की अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। लगातार चल रही खोजबीन के बाद भी सुराग न मिलने से निराश परिजनों और ग्रामीणों ने अब जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि गोताखोरों और एसडीआरएफ (SDRF) की विशेष टीम को स्कूबा उपकरणों के साथ बुलाकर तलाश अभियान तेज किया जाए।
तेज बहाव में बिगड़ा संतुलन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जोंधरा के रहने वाले 26 वर्षीय सुखदेव केंवट (पिता स्वर्गीय ब्यासनारायण केंवट) 23 जुलाई को अपने दो अन्य दोस्तों के साथ मछली पकड़ने गए थे। जाल लेकर वे शिवनाथ नदी पार कर ग्राम पंडरिया (थाना लवन क्षेत्र) के किनारे जा रहे थे। इसी बीच नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया, जिससे सुखदेव का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में डूब गया।

सामान्य संसाधनों से नहीं मिल रही सफलता
घटना के वक्त मौजूद प्रत्यक्षदर्शी ललित केंवट और लापता युवक के भाई हरिकिशन केंवट ने बताया कि स्थानीय स्तर पर लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण गोताखोरों को सफलता नहीं मिल पा रही है। 9 दिन का समय बीत जाने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल सका है।
विशेषज्ञ टीम की दरकार
सामान्य संसाधनों से खोजबीन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए परिजनों ने मानवीय आधार पर प्रशासन से तत्काल विशेषज्ञ टीम की मदद मांगी है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूबा उपकरणों से लैस एसडीआरएफ टीम ही गहरे पानी में जाकर युवक की तलाश कर सकती है। प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है, ताकि लापता युवक को ढूंढा जा सके।

