बिलासपुर।शहर के पेंडलवार नर्सिंग होम की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां सिजेरियन डिलीवरी के दौरान डॉक्टर ने महिला के पेट में सर्जिकल धागा छोड़ दिया, जिससे उसे तेज दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। मामले में पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग होम प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
ग्राम बिजौर (बहतराई) निवासी शक्ति लाल सूर्यवंशी ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी रेखा सूर्यवंशी को 12 जून को डिलीवरी के लिए पेंडलवार नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी होने के बाद से ही रेखा को लगातार पेट में तेज दर्द और उल्टी होने लगी। जब परिवार रेखा को दोबारा नर्सिंग होम ले गया, तो वहां के डॉक्टरों ने बिना किसी जांच के इसे सामान्य दर्द बताकर घर वापस भेज दिया।
लगातार हो रही परेशानी और तबीयत में सुधार नहीं होने पर परिजन रेखा को अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच के दौरान पेट के अंदर सर्जिकल धागा होने का खुलासा हुआ। इसके बाद अपोलो के डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन कर वह धागा बाहर निकाला और फिलहाल महिला का इलाज जारी है। पीड़ित पति ने सीएमएचओ कार्यालय में लिखित शिकायत देकर संबंधित डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नर्सिंग होम का लाइसेंस निरस्त करने और उचित मुआवजे की मांग की है।
> **लापरवाही साबित होने पर होगी कड़ी कार्रवाई (बॉक्स)**
> इस पूरे मामले पर बिलासपुर की सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि, “मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है और गुरुवार तक जवाब पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में लापरवाही साबित होने पर नर्सिंग होम एक्ट के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

