CHHATTISGARH: सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है. घटना में डीएसपी समेत 15 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. कोयला खदान खदान के सर्वे के दौरान विरोध करते आ रहे ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. घटना के बाद गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला मामला प्रतापपुर इलाके के मदननगर-धरमपुर गांव का है. कोयला खदान का सर्वे करने और पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम पहुंची हुई थी. जहां लंबे समय से एसईसीएल के भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया. हमले में डीएसपी, महिला पुलिसकर्मी समेत 15 से अधिक जवान घायल हो गए.
हिंसक झड़प के दौरान पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई. घटना के बाद 5 अलग-अलग जिले की पुलिस मौके पर बुलाई गई. इसके बाद स्थिति नियंत्रित करते हुए लाठीचार्ज भी किया गया. वहीं पुलिस बल के घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश लगातार जारी है. फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और करीब 500 पुलिसकर्मी मौके पर तैनात हैं.
झड़प के बाद धरने पर बैठे ग्रामीण
पिछले 9 घंटों से अधिक ग्रामीणों का धरना जारी है. वह सरपंच पुत्र की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं. आक्रोशित ग्रामीणों के हाथिों में लाठी और डंडे हैं. भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है.

