BREAKING CG NEWS

‘राजस्व वसूली करें, व्यापारियों को परेशान नहीं’— महापौर मीनल चौबे ने निगम अधिकारियों को दी सख्त हिदायत

Share this

रायपुर – आज रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने रायपुर नगर पालिक निगम के राजस्व विभाग की सभी जोनों के सहायक राजस्व अधिकारियों एवं नगर निगम राजस्व उपायुक्त डॉ अंजलि शर्मा की पूरी टीम द्वारा राजस्व वसूली के विषय में दिशा-निर्देश दिए।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि किसी भी व्यापारी या करदाता नागरिक की गरिमा का सम्मान करना नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है। किसी भी व्यापारी के साथ व्यावसायिक समय में ग्राहकों की उपस्थिति में राजस्व वसूली के लिए अशालीन व्यवहार कदापि स्वीकार नहीं किया जा सकता।

महापौर ने सुझाव दिया है कि नगर निगम रायपुर का राजस्व अमला निगम क्षेत्र के बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में राजस्व वसूली कार्य हेतु जब भी जाए, तो संबंधित व्यापारियों को पूर्व सूचना देकर जाए। पुनर्मूल्यांकन की कार्यवाही संबंधित पक्ष से सहमति लेकर करे। और बहुत ही शालीन व्यवहार के साथ नियमानुसार प्रक्रिया का पालन करें।

महापौर ने कहा कि यह शहर और इसकी अर्थव्यवस्था यहां की देवतुल्य जनता एवं व्यापारियों के भरोसे ही चल रही है। ऐसे में राजस्व वसूली या असेसमेंट के नाम पर नगर निगम के सभी विभागों का अचानक पहुंचना उचित नहीं है। ग्राहकों की मौजूदगी में इस तरह की कार्रवाई से व्यापारियों के मन में नगर निगम के प्रति विपरीत प्रभाव पड़ता है। निगम प्रशासन का काम जनता को सहूलियत देना है, उन्हें तनाव या अवसाद में डालना नहीं।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *