BREAKING CG NEWS

Mahadev Betting App Case: विकास गर्ग की गिरफ्तारी पर भूपेश बघेल ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप

Share this

Mahadev Betting App Case: रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। मामले में गिरफ्तार EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लंबी पोस्ट साझा करते हुए इस पूरे मामले को भाजपा से जोड़ते हुए कई सवाल उठाए। राजनीति

विकास गर्ग को लेकर भूपेश बघेल ने लगाए गंभीर आरोप

भूपेश बघेल ने दावा किया कि ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए विकास गर्ग का नाम मीडिया में सामने आ रहा है, लेकिन कई महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास गर्ग भाजपा, दिल्ली के आर्थिक प्रकोष्ठ के चेयरमैन हैं और भाजपा के पूर्व विधायक नंद किशोर गर्ग के पुत्र हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ईडी ने विकास गर्ग को कथित तौर पर 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय लेनदेन के मामले में गिरफ्तार किया है। साथ ही, उनकी और उनसे जुड़ी कंपनियों की 900 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां भी जब्त की जा चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन को भाजपा के शीर्ष नेताओं का संरक्षण प्राप्त था और कथित वित्तीय लेनदेन को लेकर आंतरिक विवाद के बाद ही ईडी ने कार्रवाई की। राजनीति

450 करोड़ रुपये मासिक कमाई का किया दावा

भूपेश बघेल ने अपनी पोस्ट में यह भी दावा किया कि विकास गर्ग कथित तौर पर महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से हर महीने लगभग 450 करोड़ रुपये की कमाई कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में जानकारी सिंडिकेट के शीर्ष स्तर तक पहुंचने के बाद कार्रवाई की गई। हालांकि, इन दावों के समर्थन में उन्होंने कोई दस्तावेज या साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी कारण वह लगातार यह कहते रहे हैं कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप भाजपा के संरक्षण में संचालित एक नेटवर्क है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में भाजपा का संरक्षण रहा है।

अपनी सरकार की कार्रवाई भी गिनाई

अपनी सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महादेव ऐप के खिलाफ सबसे पहले उनकी सरकार ने कार्रवाई शुरू की थी। उनके अनुसार, उस दौरान करीब 72 एफआईआर दर्ज की गईं, 400 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया, हजारों बैंक खाते सीज किए गए तथा बड़ी संख्या में लैपटॉप, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने गूगल को पत्र लिखकर महादेव ऐप को प्ले स्टोर से हटाने की मांग की थी और इसके संचालकों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने के लिए केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय को भी लिखा था।

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि उनकी सरकार की इन कार्रवाइयों के बावजूद भाजपा ने उल्टा कांग्रेस सरकार पर ही आरोप लगाए और उसकी छवि खराब करने का प्रयास किया। राजनीति

केंद्र सरकार से पूछे कई सवाल

पोस्ट के अंत में उन्होंने केंद्र सरकार से कई सवाल पूछे। उन्होंने पूछा कि यदि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के खिलाफ जांच जारी है, तो अब तक इस पर पूर्ण रूप से कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ऐप से जुड़े कथित ऑपरेटरों को विदेशों से भारत क्यों नहीं लाया जा सका। साथ ही उन्होंने नवनीत सहगल और हिरेन जोशी के नाम का उल्लेख करते हुए पूछा कि इनकी जांच अब तक क्यों नहीं हुई और ईडी इन तक क्यों नहीं पहुंची।

ईडी की जांच अभी जारी

गौरतलब है कि, ईडी ने विकास गर्ग को हाल ही में दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाया है। एजेंसी ने विशेष पीएमएलए कोर्ट में उन्हें पेश करते हुए 14 दिन की रिमांड की मांग की है। ईडी का दावा है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित अवैध धन को विभिन्न कंपनियों के माध्यम से निवेश और लेयरिंग कर वैध बनाने का प्रयास किया गया। मामले की जांच फिलहाल जारी है।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *