Vietnam Boat Accident: हनोई। वियतनाम के मशहूर ‘फू कुओक द्वीप’ के पास शनिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने वियतनाम के साथ-साथ पूरे भारत को झकझोर कर रख दिया। यहां पर्यटकों से भरी एक तेज रफ्तार नाव समुद्र में पलट गई, जिससे उसमें सवार 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई।
ऐसे में इस मामले में कार्रवाई करते हुए वियतनाम पुलिस ने रविवार को स्पीडबोट के 57 वर्षीय कैप्टन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि कैप्टन ने समुद्री सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया, जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हुआ।
खराब मौसम में हुआ हादसा
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, जब यह हादसा हुआ तब समुद्र में ऊंची और तेज लहरें उठ रही थीं, हालांकि बारिश नहीं हो रही थी। इलाके में अन्य नावें भी चल रही थीं, लेकिन लहरों के थपेड़ों के कारण यह स्पीडबोट खुद को संभाल नहीं पाई और पलट गई। वहीं घटना को देखने वाले एक स्थानीय व्यक्ति हा वान लोक ने बताया कि उन्होंने पलटी हुई नाव के निचले हिस्से को पकड़े हुए करीब एक दर्जन लोगों को देखा। वहीं, कई लोग बिना लाइफ जैकेट के समुद्र की लहरों में बह रहे थे।

