रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला आदेश जारी किया। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कुल 24 आईपीएस अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। फेरबदल में एक आईजी रेंज, कई डीआईजी, एआईजी और 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को बदला गया है।
सबसे महत्वपूर्ण बदलाव में आईपीएस अजय कुमार यादव को राजनांदगांव रेंज का पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बनाया गया है। वहीं अब तक राजनांदगांव रेंज के आईजी रहे बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में पदस्थ किया गया है। इसके अलावा बस्तर क्षेत्र के आईजी प्रशांत कुमार अग्रवाल को भी पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। कई वरिष्ठ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिलों में भी व्यापक बदलाव करते हुए दंतेवाड़ा, कोरिया, धमतरी, बलौदाबाजार-भाटापारा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, बलोद, सूरजपुर, कबीरधाम और सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षकों की नई पदस्थापना की गई है।
प्रमुख तबादले
- सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का नया एसपी नियुक्त किया गया।
- अजय कुमार यादव बने आईजी, राजनांदगांव रेंज।
- बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय भेजा गया।
- प्रशांत कुमार अग्रवाल भी पुलिस मुख्यालय में पदस्थ।
- चंद्रमोहन सिंह बने दंतेवाड़ा के नए एसपी।
- हरीश राठौर कोरिया के नए एसपी होंगे।
- भावना पांडेय को धमतरी का एसपी बनाया गया।
- राय गौरव रामप्रवेश को बलौदाबाजार-भाटापारा एसपी की जिम्मेदारी मिली है।
- उमेश प्रसाद गुप्ता बीजापुर के एसपी होंगे।
- मयंक गुर्जर को सुकमा का एसपी बनाया गया।
- संदीप कुमार पटेल नारायणपुर के एसपी नियुक्त किए गए।
- जितेंद्र कुमार यादव को कबीरधाम का एसपी बनाया गया।
- योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर एसपी बनाया गया।
- और चव्हाण किरण गंगाराम को बलोद एसपी बनाया गया।


