Badrinath Dham Donation Scam: गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे में हेराफेरी प्रकरण के आरोपित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल के विरुद्ध बदरीनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष कार्यालय में तैनात प्रमोद नौटियाल को मंगलवार को निलंबित किया गया था।
जांच के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गढ़वाल कमिश्नर की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति भी गठित की गई है। यह समिति 15 दिन में शासन को रिपोर्ट देगी।
बीकेटीसी की चार सदस्यीय समिति की ओर से की गई प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दो जुलाई को चढ़ावे की गिनती के दौरान अनिवार्य तीन कार्मिक मौजूद नहीं थे और वैयक्तिक सहायक ने अकेले गिनती कराई। सीसीटीवी फुटेज में सुबह नौ से साढ़े नौ बजे के बीच नोटों के बंडल ले जाते हुए संदिग्ध गतिविधियां भी दर्ज होने की बात सामने आई है।

