देश दुनिया वॉच

पेट्रोल में पानी मिलने से मचा बवाल! पेट्रोल पंप की सप्लाई बंद, इंडियन ऑयल करेगी जांच

Share this

रायपुर के तेलीबांधा इलाके में स्थित जय जवान पेट्रोल पंप पर सोमवार को उस समय भारी हंगामा मच गया, जब पेट्रोल भरवाने के कुछ ही दूरी पर कई वाहन अचानक बंद हो गए। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में गिने जाने वाले तेलीबांधा में हुई इस घटना से वाहन चालकों में अफरा-तफरी फैल गई और देखते ही देखते पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।वाहन चालकों ने गाड़ियों को मैकेनिक के पास पहुंचाया, जहां जांच में पेट्रोल टैंक में भारी मात्रा में पानी मौजूद होने की बात सामने आई।

 

यह जानकारी मिलते ही प्रभावित ग्राहक सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गए और वहां जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि खराब ईंधन के कारण उनकी गाड़ियां बंद हुईं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। बढ़ते विरोध और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पेट्रोल पंप प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से संबंधित डिस्पेंसर से पेट्रोल की सप्लाई रोक दी।

पेट्रोल पंप संचालक सुभाष शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही एहतियाती कदम उठाए गए। जिन ग्राहकों ने प्रभावित मशीन से पेट्रोल भरवाया था, उनकी राशि तत्काल वापस (रिफंड) कर दी गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि तकनीकी गड़बड़ी किस कारण हुई, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई जा रही है।

इंडियन ऑयल को दी गई सूचना

पंप प्रबंधन के अनुसार, घटना की आधिकारिक सूचना Indian Oil Corporation को भेज दी गई है। कंपनी की तकनीकी टीम और कांट्रेक्टर को मौके पर बुलाया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि पेट्रोल में पानी कैसे मिला। हालांकि देर रात तक तकनीकी कांट्रेक्टर के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण जांच प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी थी।

फिलहाल जय जवान पेट्रोल पंप पर संबंधित डिस्पेंसर की सप्लाई बंद कर दी गई है। प्रबंधन का कहना है कि तकनीकी जांच पूरी होने और कारण स्पष्ट होने के बाद ही सप्लाई दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा। राजधानी रायपुर के व्यस्त इलाके में हुई इस घटना ने ईंधन गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर इंडियन ऑयल की जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि पेट्रोल में पानी मिलने के पीछे तकनीकी खामी थी या कोई अन्य वजह।

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *