नई दिल्ली/केदारनाथ। देश के जाने-माने उद्योगपति गौतम अदाणी ने अपनी शादी की 40वीं सालगिरह पत्नी के साथ केदारनाथ धाम में मनाई, वहां वे भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
अदाणी ने इस खास दिन को और भी यादगार बनाते हुए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि चार दशकों के इस सफर में उनकी पत्नी प्रीति का साथ सिर्फ जीवनसाथी का नहीं, बल्कि हर चुनौती में ताकत और हर सफलता में मजबूत आधार रहा है।
पत्नी के लिए भावुक संदेश
अदाणी ने अपने संदेश में कहा कि उनकी सफलता के पीछे प्रीति का बड़ा योगदान है। उन्होंने इसे “शांत शक्ति” और “विनम्र आधार” बताते हुए उनका आभार जताया। केदारनाथ में पूजा के दौरान अदाणी दंपति ने देश की प्रगति, समृद्धि और शक्ति के लिए प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा भी मांगी।
लेबर डे पर बड़ा ऐलान
1 मई यानी मजदूर दिवस के मौके पर अदाणी ने एक नई पहल ‘अपनी बात, अपनों के साथ’ शुरू करने की घोषणा की।इस पहल के जरिए वे अपने 4 लाख से ज्यादा कर्मचारियों से सीधे संवाद करेंगे और अपने अनुभव व विचार साझा करेंगे।
क्या बोले अदाणी?
अदाणी ने कहा कि यह पहल सिर्फ औपचारिक संवाद नहीं, बल्कि अदाणी परिवार से दिल से जुड़ने का प्रयास है। उनका मानना है कि जब सभी मिलकर काम करेंगे तो “विकसित भारत” का सपना और तेजी से साकार होगा।

