ED RAID BREAKING: नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद Ashok Mittal के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। यह रेड पंजाब, हरियाणा और गुरुग्राम समेत करीब 8-9 स्थानों पर एक साथ की गई, जिसमें उनके बेटे से जुड़े ठिकाने भी शामिल बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी की टीमें जालंधर स्थित उनके आवास पर भी पहुंचीं, जहां से वित्तीय दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से जुड़े फंड के कथित गड़बड़ी के मामले में की जा रही है। हालांकि, ED की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
डिप्टी लीडर बनते ही एक्शन, बढ़ी राजनीतिक चर्चा
हाल ही में AAP ने राज्यसभा में Raghav Chadha की जगह Ashok Mittal को डिप्टी लीडर नियुक्त किया था। ऐसे में उनकी नियुक्ति के तुरंत बाद ED की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
CM Bhagwant Mann का हमला—‘राजनीतिक बदले की कार्रवाई’
पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने इस छापेमारी को राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा चुनाव की तैयारी में एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने लिखा— “हम वो पत्ते नहीं जो आंधियों में गिर जाएंगे…”
कौन हैं अशोक मित्तल?
Ashok Mittal पंजाब के जालंधर के रहने वाले हैं। उन्होंने अपने पारिवारिक मिठाई व्यवसाय ‘लवली स्वीट्स’ को आगे बढ़ाया और बाद में 2005 में Lovely Professional University की स्थापना की। आज यह देश की बड़ी निजी यूनिवर्सिटीज में गिनी जाती है। कानून की पढ़ाई कर चुके मित्तल शिक्षा क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं और हजारों छात्रों को शिक्षा से जोड़ने का काम कर चुके हैं।
जांच जारी, सियासत गरम
फिलहाल ED की जांच जारी है और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद जहां सियासत गरमा गई है, वहीं आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासों की संभावना भी जताई जा रही है।

