US-Iran Tension: नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बेहद तीखी भाषा में पोस्ट करते हुए ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने की चेतावनी दी और कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो बड़े हमले किए जाएंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने 6 अप्रैल की तय समयसीमा से एक दिन पहले ही ईरान पर दबाव बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि मंगलवार को ईरान में पावर प्लांट और पुलों को निशाना बनाया जा सकता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि ऐसा हमला होगा जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। इससे पहले 21 मार्च को भी ट्रंप ने धमकी दी थी कि अगर ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नहीं खोला तो उसके पावर प्लांट्स को नष्ट कर दिया जाएगा, जिसकी शुरुआत देश के सबसे बड़े बिजली संयंत्र से होगी।
कड़ी भाषा में दी चेतावनी
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने बेहद आक्रामक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि ‘मंगलवार पावर प्लांट डे और ब्रिज डे होगा’ और ईरान को तुरंत होर्मुज खोलने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो हालात बेहद खराब हो जाएंगे।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब पहले ही उन्होंने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर इस समय सीमा में समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका की ओर से कड़ी सैन्य कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शनिवार को भी कहा था कि समय खत्म हो रहा है और अगर ईरान ने कदम नहीं उठाया तो भयंकर हमला किया जाएगा। अमेरिका और ईरान के बीच यह तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है, खासकर स्ट्रेट ऑ होर्मुज को लेकर। यह दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक है और इसके बंद होने से वैश्विक स्तर पर असर पड़ रहा है।

