कोरबा। घंटाघर स्थित गढ़कलेवा चौपाटी में बीती रात चोरी की अनोखी घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने नगदी रकम छोड़कर केवल गैस सिलेंडर पार कर दिए। घटना के बाद चौपाटी क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पूरा मामला कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि यहां लगभग 60 से अधिक दुकानें संचालित होती हैं, जिनसे कई परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। बीती रात चोरों ने मनोज मंचूरियन और एक अन्य व्यवसायी जगदीश की दुकानों को निशाना बनाया। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने नगदी रकम को हाथ नहीं लगाया। केवल गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए।
सिलेंडर नहीं मिलने से कई दुकानें बंद
घटना की शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय व्यवसायी रमेश वर्मा ने बताया कि वर्तमान में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत चल रही है। सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे हैं और यदि मिल भी रहे हैं तो ऊंचे दामों पर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। ऐसे में कई दुकानदारों को मजबूरी में अपनी दुकानें बंद करनी पड़ रही है।
चौपाटी में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं, कैमरे बंद
व्यवसायी रमेश वर्मा समेत अन्य व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गढ़कलेवा चौपाटी में सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं है। न तो सीसीटीवी कैमरे सही स्थिति में है और न ही सुरक्षा गार्ड की तैनाती की गई है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

