अमेरिका : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक ऐतिहासिक आर्थिक घोषणा करते हुए टेक्सास के ब्राउनस्विल में नई तेल रिफाइनरी बनाने की योजना का ऐलान किया है। इस प्रोजेक्ट में करीब 300 बिलियन डॉलर (लगभग 25 लाख करोड़ रुपये) का निवेश किया जाएगा। खास बात यह है कि इस मेगा प्रोजेक्ट को भारत की दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का समर्थन मिला है।
बताया जा रहा है कि यह रिफाइनरी अमेरिका में पिछले 50 वर्षों में बनने वाली पहली नई रिफाइनरी होगी। ट्रंप ने इसे अमेरिकी ऊर्जा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे देश की ऊर्जा क्षमता मजबूत होगी, हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा भी मजबूत होगी।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि यह निवेश अमेरिका को “वास्तविक ऊर्जा प्रभुत्व” की ओर ले जाएगा। उन्होंने भारत और रिलायंस इंडस्ट्रीज का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह साझेदारी दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगी।
इस परियोजना के तहत बनने वाली रिफाइनरी को दुनिया की सबसे आधुनिक और स्वच्छ रिफाइनरियों में से एक माना जा रहा है। इसके शुरू होने से दक्षिण टेक्सास क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और हजारों नई नौकरियां पैदा होंगी।
दरअसल, यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े घटनाक्रम के कारण वैश्विक तेल बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तनाव के चलते दुनिया की करीब 20 प्रतिशत तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि नई रिफाइनरी से देश की ऊर्जा आपूर्ति मजबूत होगी और भविष्य में वैश्विक बाजार में तेल निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह परियोजना न सिर्फ अमेरिका बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए भी एक बड़ा बदलाव साबित हो सकती है।

