नई दिल्ली। देशभर में राजभवन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। केंद्र सरकार ने कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नए राज्यपाल और उपराज्यपालों की नियुक्ति की है। इस फैसले को प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से अहम बदलाव माना जा रहा है।
जारी आदेश के मुताबिक विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल बनाया गया है। इसी तरह शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है।
वहीं जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। बिहार में लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को राज्यपाल की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल बनाया गया है।
अन्य नियुक्तियों में आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया गया है, जबकि राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर तमिलनाडु में राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करेंगे। वहीं कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
केंद्र सरकार के इस फैसले को कई राज्यों में प्रशासनिक संतुलन और राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों से आने वाले समय में राज्यों के राजभवनों की भूमिका और सक्रिय हो सकती है।

