रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए बजट 2026-27 को दिशाहीन और केवल आंकड़ों का मायाजाल करार दिया है । उन्होंने कहा कि एक लाख ,बहत्तर हजार करोड़ का यह बजट राज्य के विकास का रोडमैप नहीं, बल्कि केवल खोखली घोषणाओं का पुलिंदा है, जिससे प्रदेश का हर वर्ग ठगा हुआ महसूस कर रहा है । रायपुर में दो सौ बिस्तर के अस्पताल और मदर चाइल्ड हॉस्पिटल की घोषणा का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि रायपुर दक्षिण में सौ बिस्तर के मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल की घोषणा की तरह यह मात्र घोषणा न रहे इसका क्रियान्वयन भी हो ।
उन्होंने कहा कि बजट में महंगाई कम करने की दिशा में कोई ठोस का दम नहीं उठाया गया है । पेट्रोल डीजल पर वेट की दरें कम की जाती तो महंगाई नियंत्रण की दिशा में भी कारगर कदम होता और उपभोक्ताओं को पेट्रोलियम पदार्थ की कीमत कम होने का लाभ मिलता । मध्यम वर्ग एक बार फिर अपने आप को छला हुआ महसूस कर रहा है ।
उन्होंने कहा कि सरकार ने 23 नए उद्योगों की स्थापना का दावा तो किया है, लेकिन इसमें स्थानीय युवाओं की भागीदारी और रोजगार गारंटी पर चुप्पी साध ली गई है । बेरोजगारी भत्ते और नई नियुक्तियों पर स्पष्ट रोडमैप न होना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है ।
किसानों की अनदेखी: प्रदेश महामंत्री ने सवाल उठाया कि किसानों के लिए ब्याज मुक्त कर्ज की घोषणा तो कर दी गई है, लेकिन इसकी कार्ययोजना क्या है ? धान खरीदी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के बजाय सरकार केवल कागजी आंकड़े पेश कर रही है।
‘ज्ञान’ और ‘गति’ जैसी पुरानी घोषणाओं की विफलता के बाद जनता ‘संकल्प’ पर भरोसा क्यों करे? यह बजट छत्तीसगढ़ को कर्ज के दलदल में धकेलने और विकास के नाम पर केवल इवेंट मैनेजमेंट करने वाला बजट है।

