रायपुर। स्वच्छ भारत अभियान के तहत आज गुरु गोविंद सिंह वार्ड-29 अंतर्गत काली नगर, मस्जिद क्षेत्र और सरस्वती नगर में व्यापक “स्वच्छता अभियान” चलाया गया। अभियान के दौरान रामकी और नगर निगम की स्वास्थ्य टीम, स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के साथ घर-घर पहुंचकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे घर का कचरा नालियों में न डालें, क्योंकि इससे जल निकासी बाधित होती है और बीमारियों का खतरा बढ़ता है। साथ ही लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग कर कचरा गाड़ी में ही देने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने स्पष्ट किया कि नालियों में कचरा फेंकने वालों पर CCTV कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान कूड़ा नाली में डालने वाले कुछ लोगों को मौके पर समझाइश भी दी गई। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।
इस मौके पर राहुल सैनिक, श्रीकांत रेड्डी, रितेश ठाकुर, प्रवीण चंद्राकर, झानेंद्र साहू, श्रीमती सोनबती साहू, श्रीमती सपना डे, श्रीमती कोनिका हालदार, श्रीमती गोदावरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
वार्ड-29 के प्रतिनिधि कैलाश बेहरा ने कहा कि स्वच्छता अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

