कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज कर दिया जाएगा। चुनाव आयोग ने दिल्ली में सुबह 11.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। ऐलान के साथ ही आदर्श आचार संहिता लग जाएगी। कर्नाटक में अभी भाजपा की सरकार है। मुख्य मुकाबला कांग्रेस के साथ है, लेकिन सरकार बनाने में जेटीएस की भूमिका भी अहम रहती है। मायावती ने ऐलान किया है कि बसपा भी इस बार अपने प्रत्याशी उतारेगी। इसी तरह आम आदमी पार्टी भी चुनावी मैदान में है। माना जा रहा है कि इन दलों के चुनाव मैदान में होने के कारण वोट बंटेंगे और भाजपा को फायदा होगा।
कांग्रेस जारी कर चुकी 124 प्रत्याशियों की लिस्ट
कांग्रेस 124 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर चुकी है। माना जा रहा है कि चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद भाजपा भी लिस्ट जारी कर सकती है। कर्नाटक में विधानसभा की कुल सीटों की संख्या 225 है। बहुमत का आंकड़ा 113 है।
पिछले पांच साल, बदले 3 सीएम
कर्नाटक में पिछले विधानसभा चुनाव 2018 में हुए थे। उसके बाद से अब तक प्रदेश तीन मुख्यमंत्री देख चुका है। ये हैं एचडी कुमारस्वामी, बीएस येदियुरप्पा और मौजूदा मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई।2018 के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद जनता दल और कांग्रेस पार्टी ने मिलकर सरकार बनाई थी। कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनाया गया। बाद में जुलाई 2019 में यह सरकार गिर गई।

