BREAKING CG NEWS

प्राकृतिक चिकित्सा, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली पर SRU में दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजन किया गया…

Share this

A two-day awareness program was organized at SRU on naturopathy, balanced diet, and a healthy lifestyle…

रायपुर | नवम राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के उपलक्ष्य में योग विभाग, कला संकाय, श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी, रायपुर द्वारा दिनांक 17 एवं 18 नवंबर 2026 को दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों एवं समाज में प्राकृतिक चिकित्सा, प्रकृति संरक्षण, संतुलित आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना और प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

 

कार्यक्रम के प्रथम दिवस, 17 नवंबर को प्राकृतिक चिकित्सा एवं प्रकृति संरक्षण विषय पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शिवम, चंचल एवं पलक की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गीतांजलि, ऋतु एवं रिया मिश्रा की टीम तथा वैष्णवी शुक्ला, नेहा एवं नैना की टीम ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लक्ष्मी यादव, वैशाली साहू एवं सुरभि साहू की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

इसी क्रम में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में किरण एवं अंकित की टीम ने तृतीय स्थान, गुरप्रीत कौर एवं वर्षा की टीम ने द्वितीय स्थान तथा सुरभि साहू एवं गीतांजलि की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों ने प्राकृतिक चिकित्सा, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े संदेशों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

 

कार्यक्रम के द्वितीय दिवस, 18 नवंबर को प्राकृतिक एवं स्वास्थ्यवर्धक आहार पर आधारित ‘फूड फिएस्टा’ (Food Fiesta) का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों द्वारा पौष्टिक, संतुलित एवं प्राकृतिक खाद्य पदार्थों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। पारंपरिक खाद्य व्यंजनों एवं पोषण संबंधी विशेषताओं के माध्यम से संतुलित आहार और स्वास्थ्य के पारस्परिक संबंध को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस प्रतियोगिता में रुचि, वैशाली एवं सुरभि की टीम तथा रिया, ऋतु, पलक एवं रवेन्द्र की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तमन्ना एवं जय की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि नेहा, लक्ष्मी एवं शिवम की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

 

द्वितीय दिवस का मुख्य आकर्षण “प्राकृतिक चिकित्सा और समग्र स्वास्थ्य” विषय पर आयोजित अतिथि व्याख्यान रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के पश्चात अधिष्ठाता, कला संकाय ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को रेखांकित करते हुए कार्यक्रम की उपयोगिता एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

 

इस अवसर पर अधिष्ठाता, अकादमिक ने अपने उद्बोधन में प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से शरीर के डिटॉक्सिफिकेशन (विषहरण) की प्रक्रिया तथा इसके सकारात्मक प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा शरीर की स्वाभाविक शुद्धिकरण एवं संतुलन बनाए रखने की क्षमता को प्रोत्साहित करती है।

 

माननीय कुलपति ने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति की प्रकृति-आधारित जीवनदृष्टि का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा सदैव प्रकृति के अनुरूप जीवन जीने की प्रेरणा देती रही है। प्रकृति के अधिक निकट रहकर एवं प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर व्यक्ति अपने स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बना सकता है।

 

माननीय प्रति कुलाधिपति ने यूनिवर्सिटी परिसर के नैसर्गिक वातावरण से प्राप्त होने वाले स्वास्थ्य संबंधी लाभों का उल्लेख किया। उन्होंने प्राकृतिक परिवेश, स्वच्छ वातावरण एवं संतुलित जीवनशैली के महत्व को रेखांकित करते हुए छात्रों को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक एवं सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।

 

मुख्य अतिथि डॉ. प्रवेश जैन, BNYS, प्राकृतिक चिकित्सक ने अपने व्याख्यान में दैनिक दिनचर्या में प्राकृतिक चिकित्सा के व्यावहारिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रकृति के अनुरूप दिनचर्या, संतुलित आहार, पर्याप्त विश्राम एवं प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने से स्वास्थ्य संवर्धन में सहायता मिलती है, जबकि प्रकृति के नियमों के विपरीत जीवनशैली अनेक रोगों के उत्पन्न होने का कारण बन सकती है। उन्होंने छात्रों को प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों को केवल सैद्धांतिक रूप से समझने के बजाय उन्हें अपने दैनिक जीवन में व्यवहारिक रूप से अपनाने का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम के दौरान योग विभाग के छात्रों द्वारा प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति के माध्यम से प्राकृतिक जीवनशैली, स्वास्थ्य संरक्षण एवं प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने का संदेश जनसामान्य तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।

 

अंत में मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न एवं सम्मान भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। विभागाध्यक्ष योग विभाग द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।

 

दो दिवसीय आयोजन में प्रश्नोत्तरी, रंगोली, फूड फिएस्टा, अतिथि व्याख्यान एवं नुक्कड़ नाटक जैसी विविध गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को प्राकृतिक चिकित्सा के शैक्षणिक, व्यावहारिक एवं सामाजिक पक्षों से परिचित कराया गया। यह आयोजन प्राकृतिक स्वास्थ्य चेतना, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व तथा समग्र स्वास्थ्य की अवधारणा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ। हुआ।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *