BREAKING CG NEWS

बालिका क्रिकेट में सरगुजा का शानदार प्रदर्शन, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बना विजेता

Share this

सारंगढ़–बिलाईगढ़। सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में 17 वर्ष बालिका क्रिकेट के मुकाबले खासे रोमांचक रहे। प्रदेश के विभिन्न संभागों से पहुंची बालिका खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कड़ी टक्कर और जीत के लिए आखिरी क्षण तक चले संघर्ष के बीच सरगुजा संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। बिलासपुर संभाग द्वितीय तथा दुर्ग संभाग तृतीय स्थान पर रहा।

चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान बालिका क्रिकेट में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। बल्लेबाजों ने जहां क्रीज पर धैर्य और आत्मविश्वास के साथ रन जुटाने का प्रयास किया, वहीं गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। क्षेत्ररक्षण में भी खिलाड़ियों ने चुस्ती और तालमेल का परिचय दिया। प्रत्येक मुकाबले में जीत के लिए टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही और खिलाड़ियों ने अंतिम गेंद तक हार नहीं मानने का जज्बा दिखाया।

 

*सरगुजा की बालिकाओं ने दिखाया दमखम*

 

प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग की बालिका क्रिकेट टीम ने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। टीम के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी के साथ क्षेत्ररक्षण में बेहतर तालमेल बनाकर मुकाबलों में बढ़त बनाई और अंततः प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। बिलासपुर संभाग ने भी कड़ी चुनौती देते हुए दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि दुर्ग संभाग की टीम तीसरे स्थान पर रही।

क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ टीम भावना भी देखने को मिली। राज्य स्तरीय मंच पर बालिका खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने यह संदेश दिया कि अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर बेटियां खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

 

*फुटबॉल और सॉफ्टबॉल में भी खिलाड़ियों के बीच रही कड़ी टक्कर*

 

प्रतियोगिता के अन्य परिणामों में 14 वर्ष बालक फुटबॉल में बस्तर संभाग प्रथम, रायपुर द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा। 17 वर्ष बालक सॉफ्टबॉल में दुर्ग प्रथम, बस्तर द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा। वहीं 17 वर्ष बालिका सॉफ्टबॉल में दुर्ग संभाग ने प्रथम, सरगुजा ने द्वितीय और बस्तर संभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सभी खेल विधाओं में प्रदर्शन के आधार पर दुर्ग संभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया। बेस्ट मार्च पास्ट का पुरस्कार सरगुजा संभाग तथा अनुशासन का पुरस्कार बिलासपुर संभाग को प्रदान किया गया।

समापन समारोह में रायगढ़ सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल में हार-जीत से आगे बढ़कर निरंतर मेहनत करने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, शिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *