BREAKING CG NEWS

CM Sai Singapore Visit: छत्तीसगढ़ में आएगा ₹43,600 करोड़ का निवेश!

Share this

CM Sai Singapore Visit: ₹43,600 crore investment will come to Chhattisgarh!

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के तीन दिवसीय दौरे के बाद छत्तीसगढ़ लौट आए हैं. मुख्यमंत्री 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास पर थे. रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान अपने दौरे की जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि सिंगापुर में आयोजित इंडिया ग्रोथ फोरम 2026 कार्यक्रम में शामिल होकर छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने रखा गया. इस दौरान प्रदेश में निवेश के लिए 43 हजार 600 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले हैं.

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सिंगापुर के उद्योग जगत से जुड़े कई प्रतिनिधियों के साथ चर्चा हुई और उन्हें छत्तीसगढ़ आने के लिए आमंत्रित किया गया. उन्होंने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में रोजगार और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

मीडिया से चर्चा में सीएम साय ने कहा कि सिंगापुर दौरे के दौरान एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से 41 हजार 750 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव मिला है. वहीं एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल कंपनी ने करीब 350 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है. इसके अलावा सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी की ओर से सोलर सेक्टर में करीब 1,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव मिला है. कंपनी बैटरी स्टोरेज और उससे जुड़े कंपोनेंट के क्षेत्र में काम करेगी.

IT एजुकेशन सर्विस से भी हुआ MOU

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि IT एजुकेशन सर्विस के साथ भी MOU हुआ है. उन्होंने संस्था के IT परिसर का भ्रमण किया, जो विश्व प्रसिद्ध कौशल विकास मॉडल है.

MOU का लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा – CM साय

निवेश प्रस्तावों के प्रदेश में धरातल पर उतरने को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार जो भी MOU कर रही है, उसे पूरी जांच-परख के बाद कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को आश्वस्त करना चाहते हैं कि इन समझौतों और प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जाएगा और इसका लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा.

मुख्यमंत्री साय ने बीजेपी के सेवा ज्योति कार्यक्रम को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाली थी. इसी अवसर को लेकर देशभर में 13 तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इनमें से एक सेवा ज्योति कार्यक्रम भी है. प्रधानमंत्री आज देशवासियों को संबोधित करेंगे, जिसे सभी जिला मुख्यालयों में सुनेंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को देशवासियों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दिया था. प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के तहत सेवा के क्षेत्र में जो ज्योति जलाई है, उसे आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा.

 

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *