Mayawati News: Who will take charge of the BSP now? Mayawati hints at her niece Deepika.
अभी हाल में बसपा प्रमुख मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था। तीन-चार दिन ही बीते थे कि अब दूसरे भतीजे ईशान को लेकर भी बुआ मायावती ने फैसला सुना दिया है। मायावती की निगाह अब भतीजी दीपिका पर टिक गई हैं। मायावती अपना उत्तराधिकारी अब भतीजी दीपिका में खोज रही हैं।
मायावती को इसको लेकर सोशल मीडिया एक्स पर एक भावुक पोस्ट भी किया है। मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से मुक्त किए जाने के दो दिन बाद शनिवार को ‘एक्स’ पर एक लंबे और भावुक पोस्ट में अपने फैसले के कारण बताए तथा परिवार से जुड़े भविष्य के राजनीतिक फैसलों को भी स्पष्ट किया।
उन्होंने कहा कि अविवाहित होने के कारण उन्हें अपने सगे भाई-बहनों में से किसी एक और अंततः सबसे छोटे भाई आनंद कुमार को अपने साथ रखने की जरूरत पड़ी। आनंद मायावती की देखभाल करने के साथ लंबे समय से पार्टी की अहम जिम्मेदारियां भी निभा रहे हैं।
मायावती ने कहा, ‘अब उनके परिवार के लोग भी इसका लाभ उठाएं तो यह पार्टी और आंदोलन के हित में सही नहीं होगा।’ उन्होंने कहा, ‘मेरा अंतिम फैसला और प्रतिज्ञा है कि आनंद कुमार के खासकर किसी भी बेटे को बसपा में किसी छोटे-बड़े पद पर बने रहकर राजनीति करने का मौका नहीं दिया जाएगा।’
दीपिका को लेकर क्या बोलीं बुआ मायावती
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर भविष्य में आनंद कुमार को उनकी मदद के लिए किसी अन्य सदस्य की जरूरत पड़ती है, तो वह अपनी इकलौती बेटी कुमारी दीपिका आनंद की मदद ले सकते हैं, जो इस समय वकालत की पढ़ाई कर रही हैं। मायावती ने कहा कि दीपिका की ईमानदारी, वफादारी और कार्यक्षमता को देखते हुए भविष्य में उन्हें पार्टी में जरूरत के अनुसार जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर दीपिका इसके लिए तैयार नहीं होती हैं, तो आनंद कुमार पार्टी की आम सहमति से दलित वर्ग के किसी अन्य कर्मठ कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी सौंप सकते हैं।

