बिलासपुर : सकरी थाना क्षेत्र में पारिवारिक और तलाक संबंधी विवाद की काउंसलिंग के दौरान एडीआर भवन में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। घटना 19 अगस्त को फैमिली कोर्ट परिसर में हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।जानकारी के अनुसार सकरी स्थित सेकेंड बटालियन में पदस्थ प्रधान आरक्षक संजय जोशी और उनकी पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर फैमिली कोर्ट में मामला चल रहा है।काउंसलिंग के दौरान संजय जोशी अपने भाई और बहन के साथ पहुंचे थे।
इसी दौरान दोनों पक्षों में पुराने विवाद को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट होने का आरोप लगाया गया।संजय जोशी की शिकायत में पत्नी पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। वहीं दूसरे पक्ष ने संजय जोशी पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने का आरोप लगाया है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। दोनों पक्षों ने घटना में चोट लगने की बात भी शिकायत में कही है।मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। काउंसलिंग के दौरान मौजूद लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायतों में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद स्पष्ट होगी।

