BREAKING CG NEWS

बालोद यातायात पुलिस की सख्ती, सड़क हादसों में कमी लाने लगातार जारी अभियान

Share this

बालोद। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बालोद यातायात पुलिस द्वारा लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस द्वारा नियमित रूप से वाहन चालकों की जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में ब्रीथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा रही है। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है।

यातायात पुलिस द्वारा नाबालिग वाहन चालकों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में उनके अभिभावकों को सूचित कर चेतावनी दी जा रही है, ताकि नाबालिगों को वाहन चलाने से रोका जा सके और सड़क हादसों की संभावनाओं को कम किया जा सके।

इसके अलावा तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों को भी समझाइश दी जा रही है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शहर की सीमा में प्रवेश करते ही वाहन की गति पर नियंत्रण रखें और निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाएं।

यातायात प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि जिले के पुलिस कप्तान किरण कुमार चौहान के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यह नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बालोद पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले पैदल यात्रियों, दोपहिया वाहन चालकों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, नाबालिगों को वाहन न दें तथा शहर के भीतर निर्धारित गति सीमा का पालन करें। पुलिस का मानना है कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और नियमित जांच से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी रूप से कमी लाई जा सकती है।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *