कांकेर: कांकेर जिले के मरकाटोला गांव में भालू के हमले से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गांव के नज़दीक जंगल से निकले भालू ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात पर नजर बनाए हुए है। बताया जा रहा है कि भालू अभी भी गांव के आसपास मौजूद है, जिससे ग्रामीणों में भय का वातावरण बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनज़र वन अमला लगातार निगरानी कर रहा है और लोगों को घरों से बाहर न निकलने तथा जंगल की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम भालू की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और ग्रामीण लगातार वन विभाग से भालू को जल्द पकड़ने या जंगल में वापस भेजने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत वन विभाग या पुलिस को देने की अपील की है।
कांकेर में भालू का आतंक, हमले में दो ग्रामीणों की मौत

