महासमुंद। वन भूमि पर लगातार अवैध अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है. इस कड़ी में 94 हेक्टेयर वन भूमि से वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण हटाते हुए संलिप्त 52 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. गिरफ्तार लोगों में 40 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल हैं.
वन विभाग के अनुसार, तमोरा बीट के कक्ष क्रमांक 95, 96 आरक्षित वन में अतिक्रमण कर हरे-भरे वृक्षों को काट कर आरोपी महिला-पुरुष खेती योग्य भूमि बना रहे थे. इस पर वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26(1)(च), 26(1)(ज) तथा लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3(1) के तहत की कार्रवाई करते हुए 52 लोगों को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है.
बता दें कि जंगल की जमीन लोगों के लिए कब्जे का आसान जरिया बन गई है. यहां पर अतिक्रमण से हटाने के लिए एक पूरी प्रक्रिया का पालन करना पड़ता है, इसके साथ अतिक्रमण करने वालों को राजनीतिज्ञों का भी साथ मिल जाता है. लेकिन वन विभाग इस पर अब सख्ती दिखानी शुरू कर दी है.

