विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन और नाटक के माध्यम से शिव भक्ति, ऊर्जा और नेतृत्व के मूल्यों का अद्भुत संगम किया प्रस्तुत….
रायपुर | ब्रह्मविद द ग्लोबल स्कूल का परिसर शिव भक्ति, आध्यात्मिक ऊर्जा और सृजनात्मक अभिव्यक्ति से ओत-प्रोत हो उठा, जब विद्यालय में आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में “शिव तांडव की गूँज और शिव स्तुति” ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “बोलो हर हर हर – शिवाय” शीर्षक से प्रस्तुत शिव स्तुति का नृत्य रहा, जिसमें शिव के सात रसों को भावपूर्ण नृत्य के माध्यम से जीवंत किया गया, जिसमें :
शांत रस ने शिव की निराकार और शांत प्रकृति को दर्शाया।
वीर रस में महाकाल के रौद्र रूप और राक्षसों के संहार का प्रतीक प्रस्तुत हुआ।
करुण रस में भक्तों पर दया करने वाले कृपालु स्वरूप की झलक दिखाई दी – “कृपालं दयालं”।
अद्भुत रस ने गंगा, चंद्रमा और सर्प धारण करने वाले शिव के विश्वरूप को विस्मयकारी ढंग से उकेरा।
भयानक रस में काल का संहार करने वाले, यम को जीतने वाले महाकालकालं रूप का प्रभावशाली चित्रण हुआ।
श्रृंगार रस में पार्वती के पति और गौरी के प्रियतम के गृहस्थ स्वरूप को दर्शाया गया।
वात्सल्य रस में माता-पिता के रूप में बच्चों और भक्तों के प्रति शिव के स्नेह को भावुकता से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम को और अधिक ऊर्जावान बनाते हुए कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने “आरंभ है प्रचंड, बोले मस्तकों के झुंड” का तेजस्वी और जोशीला गायन प्रस्तुत किया, जिसने पूरे वातावरण में उत्साह भर दिया।
इसके साथ ही “लीडरशिप इन मी” की सात आदतों को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को प्रेरणादायक और व्यवहारिक सीख दी गई। नाटक में प्रोएक्टिव बनने, लक्ष्य को ध्यान में रखकर योजना बनाने, प्राथमिकताओं पर कार्य करने, जीत-जीत की सोच रखने, पहले समझने और फिर समझाने, तालमेल बिठाने तथा स्वयं को निरंतर बेहतर बनाने जैसे जीवन मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।
कार्यक्रम के समापन पर 100 से अधिक आवासी विद्यार्थियों ने एक साथ शिव तांडव स्तोत्र का सामूहिक गायन किया। शिव तांडव की गूंज से पूरा स्कूल परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा और उपस्थित सभी शिक्षक, अभिभावक व विद्यार्थी भावविभोर हो गए।
यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक प्रस्तुति था, बल्कि विद्यार्थियों में भक्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व के गुणों को विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास भी सिद्ध हुआ।

