- CGwatch शिवरीनारायण पुलिस की बड़ी कार्रवाई – तेज आवाज में बज रहा डीजे जब्त, संचालक पर मामला दर्ज

शिवरीनारायण। नीरज शर्मा
नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण पर लगाम कसने पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में शिवरीनारायण पुलिस ने सलखन गांव के चंडी चौक निवासी डीजे संचालक प्रशांत पांडेय के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रशांत पांडेय द्वारा तय सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। अत्यधिक शोर के कारण आसपास के लोग काफी परेशान हो रहे थे और शिकायतें लगातार पुलिस तक पहुंच रही थीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डीजे साउंड सिस्टम और माजदा वाहन को जब्त किया।
इस मामले में पुलिस ने कोलाहल अधिनियम की धारा 4, 5 और 15 के तहत अपराध दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि ध्वनि प्रदूषण से आमजन को राहत दिलाना प्राथमिकता है, इसलिए जो भी संचालक कानून का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने डीजे संचालकों और आम जनता से अपील की है कि त्योहारों एवं आयोजनों में नियमों का पालन करें और अनावश्यक तेज आवाज में डीजे बजाने से बचें, अन्यथा कार्रवाई से कोई भी अछूता नहीं रहेगा।
