बिलासपुर वॉच

खनिजों के अवैध उत्खनन परिवहन पर खनिज, पुलिस, राजस्व की संयुक्त कार्यवाही में 14 हाईवा जब्त

Share this
खनिजों के अवैध उत्खनन परिवहन पर खनिज, पुलिस, राजस्व की संयुक्त कार्यवाही में 14 हाईवा जब्त

– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए सरकार द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए कलेक्टर महोदय के आदेशानुसार खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन के द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 17 दिसंबर 2024 को बिलासपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 14 हाईवा वाहनों को जब्त किया गया।खनिज विभाग की टीम ने सिरगिट्टी, चकरभाठा, बोदरी, पचपेड़ी, जोंरा और मस्तूरी समेत अन्य क्षेत्रों में खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान पाया गया कि कुछ वाहन बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन कर रहे थे। अवैध परिवहन के तहत 8 मामले रेत, 1 मामला डोलोमाइट, 4 मामले गिट्टी और 1 मामला मुरूम/मिट्टी से संबंधित पाए गए। इन सभी मामलों में कार्रवाई करते हुए 14 हाईवा वाहनों को जब्त कर लिया गया और उन्हें सुरक्षा के लिए थाना चकरभाठा, थाना पचपेड़ी और खनिज जांच चौकी लावर में रखा गया है।खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार इस दिशा में काम कर रही है। इन विभागों का प्राथमिक उद्देश्य अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाना और राज्य की प्राकृतिक संपदाओं को संरक्षित करना है। इसके अलावा, वन विभाग भी वन क्षेत्रों में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के मामलों पर सख्त कार्रवाई कर रहा है।राज्य सरकार ने खनिजों के अवैध दोहन को रोकने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। यह कार्रवाई न केवल राज्य के खनिज संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि इससे अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों और संगठनों पर भी सख्त संदेश जाता है। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे खनिजा के अवैध उत्खनन या परिवहन की जानकारी प्रशासन को तुरंत दें।यह सामूहिक प्रयास राज्य के संसाधनों को बचाने और पर्यावरण को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह अभियान दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के खनिज संसाधनों के संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *