Thursday, March 28, 2024
Latest:
देश दुनिया वॉच

खाई में गिरी मिनीबस, हादसे में 11 लोगों की मौत…25 से ज्यादा घायल

पुंछः जम्मू कश्मीर के पुंछ के सवजियान में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है और 25 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मृतक के परिवार को 5 लाख और घायलों को 1 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

मिनीबस पुंछ जिले के ही सौजियां से मंडी जा रही थी। इसी दौरान अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही सेना ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरु किए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मुआवजे का एलान
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मृतक के परिवार के सदस्यों को 5-5 लाख रुपए की राहत राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि “दुर्घटना में कुछ लोगों की आकस्मिक मौत हो गई है, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और सभी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना है। मृतक के परिवार को 5 लाख और घायलों को 1 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।”

हादसे पर संवेदना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट किया है कि “पुंछ के सावजियान में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

मंडी के तहसीलदार शहजाद लतीफ ने बताया कि “पुंछ के सवजियान इलाके में मिनी बस का हादसा हो गया। सेना द्वारा बचाव अभियान जारी है। दुर्घटना में अभी तक 11 लोगों की मृत्यु की सूचना है। घायलों को मंडी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *